लखीमपुर के नीमगांव थाने में हत्या आरोपी महिला पुलिस गिरफ्त में। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
सिकन्द्राबाद। थाना क्षेत्र के गांव खड़गपुर बिलरिया में मंगलवार देर रात महिला की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति व सास, ससुर को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद मामले में पुलिस ने जांच कर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के खड़गपुर बिलरिया में मंगलवार की रात रूपेश की पत्नी भानमती का शव संदिग्ध हालात में मिला था, जिस पर सीतापुर के थाना इमलिया सुल्तानपुर के गांव भगवानपुर निवासी मृतका के पिता प्रकाश ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने पति रूपेश और सास मुकेश समेत सात आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें पुलिस ने आरोपी पति रूपेश, ससुर गंगाराम व सास मुकेश समेत सात आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों का चालान कर जेल भेजा है।
-
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाने से मौत होना आया है। शरीर पर कुछ चोट के निशान भी मिले हैं। पति समेत सात आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है।
-गजेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना नीमगांव
25 दिन का मासूम भी गया जेल
खड़गपुर बिलरिया मे भानमती की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल था कि उसके 25 दिन का बच्चा कौन संभालेगा। मां की मौत के बाद बच्चा रो रहा था तब उसे सास संगीता ने अपने पास रख लिया। शुक्रवार को जब पुलिस ने सास को गिरफ्तार किया तो सास बच्चे को साथ ले आई। पुलिस ने जब चालान भेजा तो बच्चा भी उसके साथ जेल गया। संवाद