नेपाल में गुलदार की खाल व हड्डी के साथ पकड़े गए अभियुक्त। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धनगढ़ी (नेपाल)। कैलाली जिले के अतरिया बाजार में खुफिया अनुसंधान पुलिस टीम ने गुलदार की खाल और हड्डी समेत पकड़े गए दोनों आरोपियों को लंबी पूछताछ के बाद वन विभाग के सुपुर्द कर दिया। आरोपियों ने पूछताछ में खाल व हड्डी नेपाल के डोटी जिले से मारे गए गए गुलदार की होना बताया है। वन विभाग ने तीनों युवकों पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
नेपाल की सुदूर पश्चिम खुफिया अनुसंधान पुलिस टीम के एसआई केशव जोशी के नेतृत्व में शुक्रवार को जिले की गोदावरी नगर पालिका के तहत वार्ड नंबर दो अतरिया बाजार स्थित एक घर में छापा मारा गया था। जहां पर गुलदार की खाल व हड्डी समेत तीन नेपाली युवकों को पकड़ा गया था। खाल व हड्डी के साथ पकड़े गए युवकों ने अपने नाम किरन, वीर बहादुर और योगेन्द्र धामी बताए। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में बताया कि वह खाल व हड्डी को नेपाल के डोटी जिले से लाए हैं। वहीं पर गुलदार को मारा था और खाल-हड्डी को बिक्री करने के लिए लाए थे। पकड़े गए तीनों नेपाली लोगों को वन डिवीजन कैलाली के सुपुर्द कर दिया गया है। वन विभाग ने तीनों पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। संवाद