लखीमपुर खीरी। मामूली विवाद पर अपने चाचा के साथ पहुंचे भतीजे ने तमंचे से एक युवक पर गोली चला दी। जब फायर नहीं हुआ तो उसके सिर पर बट मार दी, जिससे वह घायल हो गया। आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाकर आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के पास से पुलिस ने दो तमंचा 315 बोर, 11 जिंदा व एक नाल में फंसा मिस कारतूस बरामद किया है।
मोहल्ला भुईफोरवानाथ निवासी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह साढ़े 10 बजे मोहल्ला बेगमबाग स्थित मीरा गुप्ता की कोटे की दुकान पर राशन लेने गया था। जहां उसका मोहल्ला बेगमबाग निवासी कमाल से साइकिल हटाने को लेकर मामूली विवाद हो गया। लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। इस पर कमाल गाली देते हुए मौके से चला गया। कुछ देर बाद कमाल अपने भतीजे आमिर और सामीर के साथ कोटे की दुकान पर फिर आ धमका और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर सामीर ने तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि फायर मिस हो गया। इसी बीच उसने तमंचे की बट सिर पर मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर-शराबा होने पर तमाम लोग जुट गए। कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाकर सामीर को दबोच लिया। उसके पास दो तमंचा 315 बोर, 11 जिंदा कारतूस और नाल में फंसा एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तीनों हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हमलावर के पास से दो तमंचा, 11 जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की चालान कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।