लखीमपुर खीरी। सर्दी और कोहरे के कारण चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शनिवार की रात बदमाशों ने थाना खीरी की पुलिस चौकी ओयल के गांव रायपुर के तीन घरों और फरधान क्षेत्र के एक घर पर धावा बोल दिया। परिवार वालों को बंधक बनाकर पिटाई की। तमंचे के बल पर नकदी-जेवर लूट ले गए। मोहम्मदी में शाहजहांपुर रोड पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में सेंध लगा दी और नकदी समेत लाखों रुपये की शराब चोरी कर ले गए। इन दोनों घटनाओं से स्थानीय पुलिस की सक्रियता की पोल खुलकर सामने आ गई है।
---------
वारदात: एक
ओयल के तीन, फरधान के एक घर में बदमाशों ने की लूटपाट
ओयल। गांव रायपुर निवासी अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार की रात पांच बदमाश उसके घर घुस आए। तमंचे के बल पर उसे और पत्नी रिंकी देवी और दो पुत्रों को बंधक बना लिया। एक बदमाश तमंचा ताने खड़ा रहा। बाकी बदमाशों ने घर का सारा सामान खंगाल लिया। कुछ न मिलने पर बदमाशों ने दंपती और दोनों पुत्रों प्रियांशु जायसवाल व हिमांशु की जमकर पिटाई भी की। पत्नी के बताने पर राशन के डिब्बे में रखी 5000 रुपये की नकदी व अन्य सामान उठा ले गए। बदमाशों ने रात 12:30 बजे एक झोपड़ी में अपने परिवार के साथ सो रहे मुनव्वर व उसकी पत्नी साबरुन के यहां से बैग में रखे 12000 रुपये, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक कीमती मोबाइल लूट लिया। गांव किनारे पुलिस बताकर वृद्ध दंपती की झुग्गी में घुस गए। जहां से एक छोटा मोबाइल, टार्च, चार खुरपी व खाने-पीने का सामान बटोर ले गए। उधर, फरधान थाना क्षेत्र के गांव लौकी गांव में गोट सेल्टर पर बदमाशों ने धावा बोल दिया। नूरजहां को तमंचे के बल पर लेकर 500 रुपये की नकदी, लड़की की शादी के लिए लाए गए कपड़े, एक एंड्राइड मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर पुत्री जूल्फी (19) की पिटाई की। घटना की सूचना पर एसआई मंजीत तोमर ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा: अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
...............
वारदात: दो
मोहम्मदी में शराब की दुकान में नकब लगाकर लाखों की चोरी
लखीमपुर खीरी। थाना मैगलगंज के आशिक नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वह शाहजहांपुर रोड पर स्थित राजेंद्र प्रसाद की दुकान पर सेल्समेन है। शनिवार की रात 10 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। सुबह जब 10 बजे दुकान खोलने आया तो देखा कि दुकान के दक्षिण दिशा की ओर की दीवार कटी है। दुकान के अंदर गया तो दुकान से 60 बोतल, 73 अद्धे, 255 पौवा अंग्रेजी शराब गायब थी। इसकी कीमत एक लाख 54 हजार रुपये है। 35 हजार चार सौ रुपये की नकदी भी गायब थी। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दुकान में सेंध लगी है। संवाद