बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। थाना मैलानी क्षेत्र के बांकेपुर गांव में शनिवार देर शाम तिलक समारोह के दौरान कहासुनी हो गई। इस दौरान हुई फायरिंग में 10 वर्षीय बालक सहित दो लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी फरार हो गया।
बांकेगंज कस्बे के निकट बांकेेपुर गांव निवासी भूरे के पुत्र का तिलक लेकर पीलीभीत जिले के पूरनपुर से वधू पक्ष के लोग शनिवार शाम करीब सात बजे गांव पहुंचे। इसके बाद तिलक समारोह शुरू हुआ। इस बीच दो लोगों में कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई। गोली वहां खड़े वधू पक्ष के दस वर्षीय बालक रणधीर पुत्र सेवाराम निवासी पूरनपुर के लगी, जिससे वह घायल हो गया। यह देख वहां भगदड़ मच गई। वधू पक्ष के लोग घायल बालक को लेकर बांकेगंज सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद वह उसे घर ले गए। इस बीच फायरिंग करने वाला युवक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सीओ गोला आरके वर्मा, थाना प्रभारी मैलानी दयाशंकर शुक्ला मय दलबल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने में जुट गए। घटना के संबंध में परिवार का कोई भी सदस्य अपना मुंह खोलने को तैयार नहीं है। एसओ ने घटना की जानकारी एसपी विजय ढुल को दी है
तिलक समारोह के दौरान आपस में हुई कहासुनी में गोली चल गई, जिसमें एक बच्चा और गोली चलाने वाला घायल हुआ है, जांच जारी है।
-विद्याशंकर शुक्ला, इंस्पेक्टर मैलानी