मृतक सुमित की पत्नी व बच्चे। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां। थाना क्षेत्र के गांव सरखना गांव में ईंट से कुचलकर की गई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
मरूआ पश्चिम के गांव सरखना निवासी गिरधारी लाल राणा के 32 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार राणा को गांव के ही करन राणा उर्फ मन्ना से किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। इस दौरान करन राणा ने सुमित की ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को दूसरे दिन देर शाम तक शव घर नहीं पहुंचा। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक की पत्नी रीता के अलावा उसकी 16 वर्षीय पुत्री राधा, दस वर्षीय प्रियांशी तथा सात वर्षीय नैंसी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक की पत्नी रीता की तहरीर पर गांव के ही करन राणा उर्फ मन्ना, केवी राणा और सतीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक भानू प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी करन राणा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद