बुजुर्ग से 40 हजार रुपये छीनकर बदमाश फरार
गोला गोकर्णनाथ। कृषि उत्पादन मंडी समिति में अपने परिचित को रुपये देने गए वृद्ध का थैला छीनकर बदमाश फरार हो गए। वृद्ध का कहना है कि थैले में 40 हजार रुपये थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन कोई सुराग नहीं लगा है।
नगर के मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना सेवानिवृत्त कामदार सुखलाल ने बताया कि कृषि उत्पादन मंडी समिति में एक धान क्रय केंद्र पर कार्यरत उनके एक परिचित ने रुपये मांगे थे। शुक्रवार को उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक से 50 हजार रुपये निकाले और उसमें से 10 हजार रुपये निकालकर जेब में रख लिए बाकी 40 हजार रुपये थैले में थे। जैसे ही वह मंडी समिति में धान क्रय केंद्र के पास ऑटो रुकवाकर उतरने लगे, बाइक पर सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर थैला छीन लिया और फरार हो गए। बाइक चला रहा युवक हेलमेट लगाए था वहीं पीछे बैठा युवक नीले रंग की जाकेट पहने था। सुखलाल ने कोतवाली आकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौके पर जाकर मंडी समिति में लगे कैमरों की फुटेज देखी और मंडी गेट पर तैनात गार्ड, लोगों से पूछतांछ भी की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस जांच कर रही है। संवाद