अंग्रेजी शराब को परचून की दुकान में रखने वाला आरोपी
- फोटो : LAKHIMPUR
बिजुआ। सीओ गोला और एसओ भीरा ने कसबे की एक परचून दुकान पर छापा मारकर करीब 600 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दुुकान स्वामी को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार को एमएलसी चुनाव के चलते 29 नवंबर से ही जिले में शराब की दुकानें बंद कर दी गई हैं। शराब के शौकीनों के लिए महंगे दामों पर बेचने के लिए भीरा कस्बा निवासी दिनेश दिवाकर ने अपनी परचून की दुकान पर अंग्रेजी शराब के विभिन्न कंपनी की काफी संख्या में अंग्रेजी शराब और बीयर की बोतल रख लीं। दुकान में काफी मात्रा में शराब होने की सूचना पर सीओ गोला आरके वर्मा ने एसओ भीरा अजय राय के साथ सोमवार की देर शाम दुकान पर छापा मारा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 गत्ते शराब बरामद कर आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी विभाग के निरीक्षक गिरीश कुमार ने बरामद शराब के बारकोड से मिलान कर बताया कि बरामद माल दुकान के पड़ोस में स्थित लाइसेंस वाली दुकानों का है। एसओ अजय राय ने बताया कि पुलिस ने दोनों दुकानों के सेल्समैन को भी आरोपी बनाया है। गिरफ्तार दुकानदार का पुलिस ने चालान कर दिया। संवाद