लखीमपुर खीरी। छात्र की बस से कुचलकर हुई मौत के बाद गढ़ी रोड पर बस फूंकने और बवाल करने के मामले को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया है। सदर कोतवाली पुलिस ने निरीक्षक अपराध की तहरीर पर 50 उपद्रवियों के खिलाफ आगजनी, बवाल सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार को बरातियों को लेकर लखनऊ वापस जा रही निजी बस की गढ़ी रोड पर एक स्कूटी से टक्कर हो गई थी। हादसे में स्कूटी सवार मोहल्ला शांतिनगर निवासी विकास सक्सेना के पुत्र कक्षा नौ के छात्र 16 वर्षीय पुत्र धीरू उर्फ तत्व सक्सेना की मौके पर ही मौत हो गई थी। जिसके बाद गुस्साई भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने बस पर पथराव किया था और वे पुलिस से भी भिड़ गए थे। यही नहीं आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर नहीं जाने दिया था और सड़क जाम कर बस में आग लगा दी थी। इस दौरान उपद्रवियों ने वीडियो बना रहे कुछ लोगों से हाथापाई की और उनके मोबाइल भी तोड़ दिए थे। इस घटना को पुलिस और प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है। सदर कोतवाली के निरीक्षक अपराध चंद्रभान यादव की तहरीर पर पुलिस ने 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 143, 147, 149, 336, 435, 427, 504, 506, 353, 341, 7 क्रिमनल एवेंडमेंट एक्ट और कोविड अधिनियम की धारा 20, 22 (1) और 23 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-----------
वीडियो से बवालियों को चिह्नित कर रही पुलिस
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने बवाल कर रहे लोगों की वीडियो बनाई थी, जिसमें आगजनी, पथराव, पुलिस और राहगीरों से अभद्रता करने वालों की फुटेज कैद है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी बवाल के कई वीडियो वायरल हुए थे। पुलिस इन सभी वीडियो से बवालियों की फोटो निकालकर उनकी पहचान कराने में जुट गई है।
---------
24 से अधिक उपद्रवी चिह्नित
सदर कोतवाली के भरोसेमंद पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुलिस वीडियो से 24 से अधिक उपद्रवियों के फोटो बनवाकर उनकी पहचान कर चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के भी प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस की टीमें चिह्नित बवालियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब कोई उपद्रवी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
------
कोई नेताओं की शरण में तो कोई हुआ भूमिगत
बरात की बस फूंकने, पुलिस और राहगीरों के साथ अभद्रता कर बवाल की रिपोर्ट दर्ज होने से उपद्रवियों में अफरातफरी है। इनमें कई लोग कद्दावर नेताओं की शरण में पहुंचकर अपनी बेगुनाही का सुबूत देने में जुट गए हैं। यही नहीं कई लोग जेल जाने की डर से घर छोड़कर भूमिगत हो गए हैं।
------------------
वर्जन...
बस में आगजनी, बवाल होने के मामले में 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वीडियो से कई लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है, उनके फोटोग्राफ बनवाए जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
-सुनील कुमार सिंह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर