धौरहरा पुलिस की गिरफ्त में हत्या आरोपी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धौरहरा। थाना क्षेत्र के गांव बद्रीपुरवा निवासी छोटेलाल की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए एक हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। छोटेलाल का शव तालाब से मिला था, जिसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की, तो गांव का ही लक्ष्मण शक के दायरे में आया। उसी ने सबसे पहले मृतक के घरवालों को छोटेलाल के तालाब में डूब जाने की खबर दी थी। पुलिस ने बताया कि दोनों में मछली पकड़ने के लिए तालाब में कांटा डालने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद लक्ष्मण ने छोटेलाल का मुंह दबाकर हत्या कर दी थी और शव को तालाब में फेंककर गांव में लक्ष्मण के डूबने की सूचना दी थी।
गांव बद्रीपुरवा निवासी 18 वर्षीय छोटेलाल अपने साथी लक्ष्मण के साथ आठ नवंबर 2020 को गांव के तालाब में मछली पकड़ने गया था। वहीं पर दोनों के बीच मछली पकड़ने को लेकर गाली-गलौज हो गई। लक्ष्मण ने गुस्से में आकर छोटेलाल का मुंह दबाकर हत्या कर दी और शव को पानी में फेंक दिया। मृतक छोटेलाल के पिता की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत का कारण सांस अवरुद्ध होना बताया। रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर पाल ने जांच शुरू की और मृतक के दूसरे साथी लक्ष्मण को पकड़कर कोतवाली लाए। पूछताछ में आरोपी लक्ष्मण ने अपना अपराध पुलिस के सामने स्वीकार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आठ नवंबर को एक युवक की पानी में डूबने की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें रिपोर्ट में मामला हत्या का निकला। आरोपी लक्ष्मण को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है। संवाद