धौरहरा (लखीमपुर खीरी) में गैंगस्टर मुन्नी लाल का मकान सीज करते तहसीलदार अनिल यादव। साथ में पुलिस ?
- फोटो : LAKHIMPUR
धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। बृहस्पतिवार को गांव गुदरिया निवासी एक गैंगस्टर का मकान और उसकी कृषि योग्य भूमि प्रशासन ने कुर्क कर ली। दो मंजिला मकान सील कर वहां बोर्ड लगा दिया गया है। पुलिस कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया। मन्नीराम इस समय जेल में है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गुदरिया निवासी मनीराम उर्फ मन्नी शातिर अपराधी है। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर पाल के मुताबिक मनीराम उर्फ मन्नी पर गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 37 आपराधिक मुकदमे सीतापुर, बहराइच और खीरी में दर्ज हैं। अपराधी ने अपराध करते हुए लाखों की संपत्ति अर्जित की थी। डीएम के आदेश पर सीओ अरविंद वर्मा, तहसीलदार अनिल यादव फोर्स के साथ गांव गुदरिया पहुंचे। गैंगस्टर मन्नी की करीब 27 लाख रुपये की चल अचल संपत्ति और दो मंजिला मकान कुर्क कर लिया। तहसीलदार अनिल यादव ने मकान सील कर गांव के चौकीदार और प्रधान के सुपुर्द कर दिया है। मकान के सामने बोर्ड भी लगाया है। तहसीलदार अनिल यादव ने बताया कार्रवाई डीएम के आदेश पर की गई है। संवाद