लखीमपुर खीरी। थाना मितौली क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी ने अज्ञात कारणों के चलते छप्पर की बड़ेर से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है।
गांव रन्नूपुर निवासी जगतपाल ने बताया कि पत्नी भाई दूज पर मायके गई थी। वह सुबह खेत पर काम करने चले गए। पुत्री प्रियांशी घर पर अकेली थी। शाम को जब वापस लौटे तो पुत्री का शव घर की बड़ेर में लटकता मिला। शव देख चीखपुकार मच गई। आसपास के तमाम लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। एसओ अनिल कुमार सैनी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। किशोरी ने आत्महत्या क्यों की। इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद