गौरीफंटा। गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र में दुधवा टाइगर रिजर्व के भारत-नेपाल सीमा से सटे जंगल में नेपाल के युवक का शव बरामद हुआ है। उसके सीने में गोली लगने जैसे निशान हैं। इससे उसकी गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गुरुवार की देर शाम कुछ लोगों ने गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र के कीरतपुर ग्राम के निकट भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पिलर संख्या संख्या 758 के सामने करीब दुधवा नेशनल पार्क के जंगल में एक नेपाल के युवक का शव पड़ा देखा गया। शव देखे जाने से सनसनी फैल गई। तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची एसएसबी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। शिनाख्त शिव लाल राना (35) निवासी परासन पचकडिया पुनर्वास (नेपाल) के रूप में हुई है। शव के सीने पर गोली लगने जैसा निशान मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। संवाद