लखीमपुर खीरी/निघासन। लकड़ी ठेकेदारों से सौदेबाजी करना कोतवाली तिकुनियां के प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद और सिपाही दुर्गेश को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने पर एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है। जांच सीओ धौरहरा को सौंपी गई है। सदर कोतवाली से इंस्पेक्टर राजकुमार को कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक तिकुनियां के पद पर भेजा गया है।
सीओ निघासन प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि गुरुवार शाम व्हाट्सएप के कई ग्रुपों पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक लकड़ी ठेकेदार अपने एक साथी के साथ कोतवाली जाता है। प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद को परमिट देने के बाद लेनदेेन की बात करता है। इस पर इंस्पेक्टर बड़ी और छोटी ट्रॉली में लकड़ी लोड करने के बाद क्विंटल के हिसाब से कमीशन देने की बात करते हैं। साथ ही सरकारी गाड़ी चलाने वाले एक सिपाही के लेनदेन करने की बात करते हुए एक अन्य सिपाही को वहां पर बुलाते है। वह सिपाही भी मामला पूरा देखने के बाद रुपये देने की बात करता है। एसपी ने इस वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद और सिपाही दुर्गेश कुमार को निलंबित कर दिया है। कोतवाली सदर में कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक रहे इंस्पेक्टर राजकुमार वर्मा को कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक बनाया है। एसपी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच सीओ धौरहरा से कराई जा रही है। साथ ही प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। संवाद