जानकारी देते एसपी विजय ढुल, साथ ही पुलिस गिरफ्त में आरोपी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला कुम्हारन टोला निवासी रामजी मिश्रा की हत्या संपत्ति विवाद में उसके बड़े भाई सूरज ने स्टॉल से गला दाबकर की थी। हत्या के बाद शव निर्माणाधीन प्लॉट में डाल दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्टॉल बरामद कर लिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी विजय ढुल ने बताया कि गोला नगर के मोहल्ला कुम्हारन टोला निवासी रामजी मिश्रा (25) का शव 29 अक्तूबर को मोहल्ले में ही एक निर्माणाधीन प्लाट में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचक प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय को जांच के दौरान पता चला कि मृतक रामजी मिश्रा नशेड़ी किस्म का था। उसका पैतृक संपत्ति को लेकर अपने बड़े भाई से सूरज से आए दिन विवाद होता था। पुलिस ने जब सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि रामजी संपत्ति को लेकर आए दिन शराब पीकर विवाद करता था। घटना के दिन भी उसने काफी विवाद किया था। इससे आवेश में आकर उसने रामजी मिश्रा की स्टॉल से गला घोंट कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी सूरज की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्टॉल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय को शाबासी देते हुए टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। संवाद