निघासन। क्षेत्र के गांव सोठियाना में मामूली विवाद में एक युवक को चाकू से वार कर घायल कर दिया। घायल अवस्था में उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास संग कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सोठियाना निवासी 40 वर्षीय युसुफ ने बताया कि वह रविवार को गांव के ही शकील के यहां बैठा था। साथ में गांव के ही करामत और जुम्मन थे। हंसी मजाक करते समय शकील नाराज हो गया और वह घर के अंदर चला गया। वहां से वापस आया तो उसके हाथ में चाकू था। आरोप है कि युसुफ को करामत और जुम्मन ने पकड़ लिया। शकील ने चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे मरणासन्न स्थित में पहुंचा दिया। बेहोशी की हालत में उसे छोड़कर वह लोग भाग निकले। परिवार वालों को सूचना मिलने पर वह लोग उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। हालत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने करामत, जुम्मन और शकील के खिलाफ हत्या का प्रयास, जान से मारने की धमकी देने, गालीगलौज करने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। संवाद