निघासन। बेलरायां-पनवारी मार्ग पर मोटेबाबा के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। दोनों के चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे में बाइक सवार लेखपाल के मुंशी समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों को अस्पताल लाया गया, जहां एक बाइक चालक की मौत हो गई।
गांव रकेहटी निवासी 35 वर्षीय राकेश कुमार मंझरा पूरब के लेखपाल के मुंशी हैं। राकेश गांव से अपना काम निपटाकर अदलाबाद निवासी 60 वर्षीय मुन्नू के साथ निघासन आ रहे थे। शाम करीब सवा पांच बजे सरयू पुल के पास निघासन से सिंगाही की ओर बिना हेलमेट लगाए तेज रफ्तार से बाइक लेकर जा रहे 20 वर्षीय युवक की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर होने से तीनों बाइक सवार गिर गए। घायल अवस्था में पड़े देखकर किसी राहगीर ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को सीएचसी लाई, जहां कुछ देर बाद 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घायल राकेश का बांया हाथ और मुन्नू का एक हाथ और एक पैर टूट गया। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उधर पलिया रोड पर दुर्गा पुरवा के पास पीछे से आ रही अज्ञात कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार सोहरिया निवासी 26 वर्षीय रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज सीएचसी में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि दोनों बाइक चालक तेज रफ्तार में थे। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसका पता लगाया जा रहा है।