लखीमपुर खीरी। सीओ सिटी के आदेश के बाद भी कोतवाली पुलिस नेे तीन तलाक पीड़िता की रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। हताश होकर युवती ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर खुदकुशी की धमकी दी है।
थाना फूलबेहड़ के एक ग्राम निवासी युवती का निकाह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोंपा में हुआ था। आरोप है कि ससुराल से नौ अगस्त को मार पीटकर तीन तलाक देकर घर से भगा दिया गया। पीड़िता ने महिला थाने और कोतवाली में चक्कर लगाने के बाद एसपी कार्यालय में भी दस्तक दी। आला अफसरों ने रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए लेकिन रिपोर्ट फिर भी दर्ज नहीं की गई। पीडिता ने बताया कि पिता के साथ गुरुवार को सीओ से भी मिली थी, जिन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने को सदर पुलिस से कहा, वावजूद इसके उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। युवती का आरोप है कि उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। यहां तक कि उसे कोतवाली से भगा दिया गया, ससुराली पक्ष भी धमकी दे रहा है। सीओ सिटी संजय नाथ तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कोतवाली पुलिस को कहा था, वहां से भगाने की उन्हें जानकारी नहीं है।