संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के बरेली फार्म में एसएसबी कैंप से कुछ कदम पहले पलिया-संपूर्णानगर रोड पर पुलिया के पास पलिया से आ रहे एक बाइक सवार को बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया। तमंचा दिखाकर उसके पास से नकदी और मोबाइल लूटकर भाग निकले। रविवार की शाम को भी एक बाइक सवार से लूट की कोशिश की गई थी।
थाना हजारा के मोरेनिया गांधीनगर निवासी चंद्रशेखर सिंह अपने भाई की ससुराल पलिया बाइक से जा रहे थे। चंद्रशेखर ने बताया कि त्रिकोलिया पहुंचे तो वहां पहले से खड़ी एक बाइक पर सवार दो लोग बाइक लेकर चलने लगे। वह कभी आगे तो कभी पीछे बाइक निकालने लगे। बरेली फार्म पुलिया के पास गुरुद्वारा जाने वाले रास्ते पर दोनों गमछा बांधे बाइक सवारों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक ली। तमंचा कनपटी पर लगाकर मोबाइल और नकदी लूट ली। इसके बाद उसकी तलाशी भी ली, लेकिन कुछ न मिलने पर थोड़ी दूर पर खाली पर्स फेंककर भाग निकले। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
दो वर्ष बाद फिर शुरू हुई लूट की घटनाएं
वर्ष 2018 में पलिया-संपूर्णानगर रोड पर गदनियां, पंजाब घाट के पास बाइक सवारों लुटेरों ने लगातार कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। उस समय तैनात तत्कालीन थानाध्यक्ष का इस कारण तबादला भी हो गया था। उसके बाद आए नए थानाध्यक्ष ने लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाया, लेकिन दो साल बाद फिर बाइक सवार लुटेरों ने घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया है।
मामले में पीड़ित की तरफ से तहरीर मिली है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
-अनिल कुमार, कार्यवाहक थाना इंचार्ज, संपूर्णानगर