निघासन (लखीमपुर खीरी)। मिट्टी बराबर करने वाली मशीन (मड लोडर) बरामद करने में बहराइच पुलिस ने रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। रास्ते में मिलते गए फुटेज के आधार पर टीम रविवार को सिंगाही पहुंची। टीम ने सिंगाही पुलिस की मदद से बिजली उपकेंद्र के पीछे एक घर के सामने खड़ी मशीन बरामद कर ली। पुलिस मशीन और एक व्यक्ति को साथ लेकर बहराइच लौट गई है।
बहराइच के मोहम्मदनगर निवासी राजीव कुमार वर्मा की राम चांद रोड पर इंपलीमेंट हाउस के नाम से फर्म है। फर्म के बाहर खड़ी मिट्टी बराबर करने वाली नई मशीन (मड लोडर) आठ जुलाई की रात चोरी हो गई थी। थाना रामगांव पुलिस ने फर्म मालिक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मशीन की तलाश शुरू की। थाना रामगांव पुलिस की टीम ने विवेचक गौरव सिंह के नेतृत्व में बहराइच शहर के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो ट्रैक्टर से मशीन को जोड़ते हुए फुटेज मिले। कई सीसीटीवी खंगालने के बाद यह बात साफ हो गई कि मशीन चोरी कर लखीमपुर की ओर ले जाई गई है। अगले दिन पुलिस टीम नानपारा टोल प्लाजा पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। तड़के 2:45 बजे मशीन ट्रैक्टर में जुड़ी दिखाई पड़ी। इसके बाद टीम ने जालिमनगर पुल पुलिस चौकी, धौरहरा, ढखेरवा, निघासन में सड़कों के किनारे लगे फुटेज खंगाले और दोपहर बाद सिंगाही पहुंची। टीम ने सिंगाही कस्बे से पहले स्थित पेट्रोल पंप का सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो उसमें पड़ोस स्थित बिजली उपकेंद्र तक ट्रैक्टर और मशीन जाते हुए दिखाई दी। उसके बाद मशीन की कोई लोकेशन नहीं मिला। टीम ने सिंगाही पुलिस की मदद से छापा मारकर एक घर के बाहर खड़ी मड लोडर मशीन बरामद कर ली। पुलिस मशीन और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर बहराइच लौट गई। सीओ प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि बहराइच से मट लोडर चोरी हुआ था। बहराइच से आई पुलिस टीम ने सिंगाही पुलिस की मदद से मड लोडर बरामद कर लिया है। वह बरामद मड लोडर और एक व्यक्ति को लेकर बहराइच लौट गई है।