लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली की रामापुर चौकी पुलिस महिला अपराधों के प्रति कितनी सजग है इसकी बानगी शनिवार को देखने को मिली। दो दिन पहले घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में तो ले लिया, लेकिन पीड़िता की न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया।
सदर कोतवाली क्षेत्र की रामापुर पुलिस चौकी के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि गुरुवार की रात गांव का ही एक युवक घर में घुस आया। उसने सो रही बेटी को दबोचकर दुष्कर्म किया। बेटी के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। उन्होंने रामापुर चौकी पुलिस को घटना की तहरीर दी। इस पर पुलिस शुक्रवार को आरोपी को पकड़ कर चौकी ले आई, लेकिन पुलिस ने अब तक न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही पुत्री का मेडिकल परीक्षण कराया है। शनिवार को पीड़िता अपने माता-पिता के साथ कोतवाली सदर पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि उनके सामने पीड़िता नहीं आई है। फिर भी प्रकरण की जानकारी कराते हैं। यदि ऐसी कोई घटना हुई है तो रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।