निघासन। एसडीएम के आदेश पर रास्ता खुलवाने गांव बबुरी पहुंचे लेखपाल और चौकी इंचार्ज से महिलाओं ने अभद्रता कर दी। मारपीट पर आमादा महिलाओं को काबू करने के लिए कोतवाली से प्रभारी निरीक्षक महिला सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में लिया है।
बबुरी गांव निवासी दुर्गाप्रसाद ने शुक्रवार को एसडीएम से शिकायत की थी कि पड़ोसी राजेंद्र उसके घर से बाहर आने के रास्ते पर गेट लगाकर रास्ता बंद कर रहा है। एसडीएम ने लेखपाल ज्योतिप्रकाश वर्मा को मौके पर भेजा। लेखपाल मौके पर पहुंचा तो पता चला कि राजेंद्र रास्ते पर दीवार बनाकर गेट लगाकर रास्ता बंद करना चाहता है। राजेंद्र का कहना है कि वह अपने खेत में घर बनाकर रहता है। उसके पीछे की तरफ दुर्गाप्रसाद भी अपने खेत में घर बनाकर रहता है। राजेंद्र ने अपने खेत में ही निजी रास्ता बना रखा है, जिससे होकर वह दुर्गाप्रसाद को निकल जाने देता था। किसी वजह से दोनों के बीच कुछ दिन पहले अनबन हो जाने से अब राजेंद्र उसको अपने खेत से होकर नहीं निकलने देना चाहता है। आरोप है कि लेखपाल ने रास्ते की जगह पर दीवार बनाने से रोका तो वहां मौजूद महिलाओं ने अभद्रता शुरू कर दी। सूचना पर पहुंचे झंडी पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल सिंह ने काम कर रहे मिस्त्री को रोका तो महिलाओं ने उनके साथ भी अभद्रता की। इस दौरान उनकी बाइक का इंडीकेटर टूट गया और पैंट की जेब की सिलाई उखड़ गई। चौकी इंचार्ज ने प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह महिला सिपाहियों के साथ मौके पर गए। पुलिस ने मौके से चार महिलाओं को पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की जा रही है। रास्ते की जगह पर दीवार बनाने से रोक दिया गया है।