खमरिया। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर रविवार की शाम ऐरा पुल पर बाइक खड़ी कर युवक ने शारदा नदी में छलांग लगा दी। यह देख लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर नदी में उतारकर युवक की तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है। अंधेरा होने के कारण पुलिस ने तलाशी अभियान रोक दिया।
पुलिस चौकी व कसबा खमरिया निवासी विक्की रस्तोगी (30) पुत्र महंत रस्तोगी रविवार की शाम करीब छह बजे बाइक से पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर स्थित ऐरा पुल पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने पुल पर किनारे बाइक खड़ी कर दी और कुछ देर वहां खड़ा रहा। उसके बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। यह देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की सूचना पर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बाइक से युवक की शिनाख्त कराई और उसके परिवार वालों को सूचना दी। मौके पर रोते-विलखते परिवार के लोग भी पहुंच गए। चौकी इंचार्ज महेश त्यागी ने गोताखोर बुलाकर नदी में उसकी तलाश कराई, लेकिन पानी का वेग अधिक होने के कारण गोताखोरों को कोई सफलता नहीं मिली। चौकी इंचार्ज ने बताया क अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया है। नदी के किनारों की निगरानी कराई जा रही है। सोमवार को फिर अभियान चलाया जाएगा। उधर युवक के परिवार वाले नदी में कूदने के कारणों के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। उसके परिवार में कोहराम मचा है।