लखीमपुर खीरी। अवैध बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़ने और आरक्षी चालक पर रिवाल्वर तानने को लेकर जिले में चर्चा में आए सीओ ट्रैफिक राकेश कुमार नायक को शासन ने बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया।
करीब 11 महीने पहले सीओ राकेश कुमार नायक को निघासन में पहली तैनाती मिली थी, यहां पर उन पर अतिक्रमण हटाओ अभियान में पक्षपात का आरोप लगा। इसको लेकर वह काफी चर्चा में रहे। एसपी पूनम ने उन्हें करीब चार महीने बाद निघासन से हटाकर पलिया का सीओ बना दिया। महीने भर पहले बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने पर चर्चा में आए सीओ राकेश कुमार नायक को एसपी ने पलिया से हटाकर सीओ ट्रैफिक बनाया, जबकि कुलदीप कुकरैती को सीओ पलिया के पद पर भेजा। इधर, सीओ के हटाने के विरोध में कुछ लोगों ने पलिया में प्रदर्शन भी किया। पलिया से हटने के बाद सीओ डिप्रेशन में आ गए थे और उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें पहले सीएचसी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर वह तब चर्चा में आए जब 18 जून को आरक्षी सिपाही ने उन पर रिवाल्वर तानने का आरोप लगाया। सिपाही की शिकायत पर एसपी ने रिवाल्वर मालखाने में जमा कराकर पूरे मामले की जांच एएसपी को सौंप दी। इस संबंध में ‘अमर उजाला’ में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। प्रकाशित खबरों का आईजी लक्ष्मी सिंह ने संज्ञान लिया। 21 जून को लखीमपुर दौरे पर आईं आईजी ने एसपी से पूरे प्रकरण की न सिर्फ जानकारी ली बल्कि रिपोर्ट देने को कहा। अंतत: शासन ने विवादों में घिरे सीओ ट्रैफिक राकेश कुमार नायक को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया।
निलंबन को लेकर कोई अधिकारिक जानकारी नहीं है। न ही अभी ऐसा कोई आदेश मिला है।
पूनम, एसपी