मैगलगंज। गांव शिवपुरी के दो घरों पर बृहस्पतिवार रात धावा बोलकर चोर 2.28 लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के जेवर बटोर ले गए। सूचना पर पहुंची फील्ड यूनिट ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव शिवपुरी निवासी बृजेश मिश्रा और पड़ोसी उदय प्रकाश के काफी संपन्न परिवार है। बृजेश मिश्रा ने बताया कि गुरुवार रात चोर दीवार फांदकर रात में घर के अंदर घुस आए। बृजेश मिश्रा ने बताया कि चोर 80 हजार रुपये, हार, सोने की अंगूठी, झुमकी, पायल सहित करीब लाखों रुपये का जेवर चोरी कर ले गए। चोरों ने पड़ोसी उदयप्रकाश मिश्रा के घर को भी निशाना बनाया। सेफ और बक्से आदि खोलकर 1.48 लाख रुपये की नगदी, घर की तीन महिलाओं के करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब परिवार वाले सोकर उठे। कमरों में बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। एक ही रात दो घरों में हुई चोरी से क्षेत्र में दहशत व्याप्त हो गई। परिवार वालों की सूचना पर सीओ शीतांशु कुमार प्रभारी निरीक्षक के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी के आदेश पर मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम के एक्सपर्ट ने घर के अंदर मौजूद उंगलियों आदि के फोरेसिंक साक्ष्य जुटाए। महीने भर के अंदर क्षेत्र में 12 से अधिक चोरियां होने से लोगों में दहशत है। पुलिस किसी घटना की न तो रिपोर्ट दर्ज कर सकी है और न ही खुलासा। पुलिस की नाकामी से क्षेत्र में सक्रिय चोर ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सीओ शीतांशु कुमार ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए स्थानीय थाने की टीम के साथ ही स्वॉट टीम को भी लगाया गया है। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।