लखीमपुर खीरी। 10 दिन पहले पलिया से हटाए जाने के बाद सीओ ट्रैफिक बने राकेश नायक पर उनके ड्राइवर संजय श्रीवास्तव ने रिवाल्वर तानने का आरोप लगाया है, जिसके बाद एसपी पूनम ने सीओ का रिवाल्वर मालखाने में जमा करा दिया है। मामले की जांच एएसपी शैलेंद्र लाल को सौंपी है। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती सीओ ट्रैफिक राकेश नायक ने ड्राइवर के आरोपों को नकार दिया है और मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
सीओ राकेश नायक पलिया में तैनाती के दौरान खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे, जिसके बाद उन पर एक बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़ने का भी आरोप लगाया गया। इस पर 10 दिन पहले ही एसपी ने सीओ को पलिया से हटाकर सीओ ट्रैफिक बना दिया था। इस आदेश के विरोध में कई सामाजिक संगठनों ने पलिया में सीओ के समर्थन में प्रदर्शन भी किया। बाद में सीओ की तबीयत ऐसी बिगड़ी कि वह अभी जिला अस्पताल में भर्ती हैं। इसलिए उन्होंने अभी सीओ ट्रैफिक का कार्यभार भी ग्रहण नहीं किया है। बताया जाता है कि गुरुवार की रात को जिला अस्पताल में सीओ और ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर तनातनी हो गई, जिसमें ड्राइवर का आरोप है कि सीओ ने उनपर सरकारी रिवाल्वर तान दी। ड्राइवर ने मामले की शिकायत रात में ही एसपी से की, जिसके बाद उन्होंने सीओ का रिवाल्वर मालखाने में जमा करा दिया। शिकायत की जांच एएसपी शैलेंद्र लाल को सौंपी गई है।
कुछ दिनों से सीओ बीमार चल रहे हैं, जिससे उनकी मनोस्थिति ठीक नहीं है। ड्राइवर के सीओ पर लगाए गए आरोप की जांच एएसपी से कराई जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
-पूनम, एसपी
ड्राइवर के आरोप बिलकुल निराधार हैं। कुछ लोग हमारे बारे में जानकारी लेने के लिए जिला अस्पताल आ रहे थे, जिसकी जानकारी मिलने पर ड्राइवर से पूछताछ की थी। मैंने अपनी सुरक्षा को लेकर कहा था कि मुझे कोई मारने आएगा तो उसे रिवाल्वर से मार दूंगा। इस दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद था।
-राकेश नायक, सीओ ट्रैफिक