फरधान (लखीमपुर खीरी)। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गांव रुकंदीपुर के निकट शुक्रवार रात बाइक सवार दो लुटेरों ने एक सहायक बैंक मैनेजर की कार तमंचे के बल पर लूट ली और फरार हो गए। जानकारी पर पहुंचीं एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित से जानकारी ली।
थाना भीरा क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी संदीप कुमार पाल यूको बैंक शाखा भिनगापुर जिला श्रावस्ती में सहायक प्रबंधक हैं। शुक्रवार को वह अपनी नई आल्टो कार से गोला स्थित ससुराल जा रहे थे। रात आठ बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गांव रुकुंदीपुर के पास पीछे से सफेद बाइक से दो लुटेरे आए और ओवरटेक कर कार रोक ली। संदीप कुछ समझ पाते, इससे पहले ही लुटेरों ने उन पर तमंचा तान दिया और उन्हें नीचे उतार लिया। बाद में लुटेरे गोली मार देने की धमकी देते हुए कार लूटकर लखीमपुर की ओर भाग गए। संदीप के मुताबिक कार में उनका एक मोबाइल और पर्स था। पर्स में पंद्रह सौ रुपये, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात थे। पीड़ित ने लुटेरों के जाने के बाद चुपके से नीचे गिराए गए अपने दूसरे मोबाइल से घरवालों को सूचना दी। इसी बीच फरधान थाने का एक सिपाही भी कार से वहा से निकला। संदीप ने उसकी कार रुकवाकर घटना की जानकारी दी और उसी की कार से थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस संदीप को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। इधर, जानकारी मिलने पर एसपी पूनम, एएसपी शैलेंद्र लाल, सीओ सिटी भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण कर पूछताछ की। पुलिस ने काफी देर तक आसपास के संपर्क मार्गों पर लुटेरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। संदीप ने बताया कि दोनों बदमाश मास्क लगाए थे। उन्होंने जनवरी में कार खरीदी थी, जिसकी प्लेट पर अभी नंबर भी नहीं पड़े थे।
भूलनपुर तक मिली कार की लोकेशन
प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम ने बताया लूटी गई कार में कार स्वामी का एक मोबाइल रखा था। उस नंबर को जब सर्विलांस के जरिए ट्रेस किया गया तो कार की आखिरी लोकेशन थाना नीमगांव के गांव भूलनपुर में मिली। रात करीब साढ़े नौ बजे मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
गड्ढों की वजह से हुई घटना
पीलीभीत-बस्ती हाईवे लखीमपुर से गोला के बीच काफी जर्जर है। जगह-जगह गड्ढे हैैं। इससे वाहन बहुत ही धीमी गति में चलाने पड़ते हैं। संदीप भी सड़क के गड्ढों को बचाते हुए जा रहे थे। इसी वजह से बाइक सवार बदमाशों ने कार का पीछा करके ओवरटेक कर रोक ली और घटना को अंजाम दे दिया।
कार स्वामी की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस के साथ ही स्वॉट और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।
-विमल गौतम प्रभारी निरीक्षक, थाना फरधान