तिकुनियां (लखीमपुर खीरी)। खैरटिया-मंझरा बांध रोड के किनारे बह रहे गहरे नाले में 16 वर्षीय किशोर का शव उतराता देखे जाने से सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त गांव राजूनगर (खैरटिया) निवासी वीरेंद्र मौर्या के रूप में हुई है। वह शुक्रवार की दोपहर से लापता था। परिवार वालों ने हत्या का शक जताया है, जबकि पुलिस को आशंका है कि मछली का शिकार करते समय उसकी नाले में डूबकर मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव राजूनगर निवासी जयप्रकाश मौर्या ने बताया कि वह भूमिहीन है। गांवों में फेरी लगाकर सब्जी बेचकर परिवार पालता है। शुक्रवार को पुत्र वीरेंद्र मौर्या साइकिल पर सब्जी बेचने गया था। दोपहर लौटकर घर आया। कुछ देर रुकने के बाद फिर साइकिल लेकर कहीं चला गया। इसके बाद घर नहीं लौटा। परिवार वालों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने उसका शव मझरा-खैरटिया बांध रोड के किनारे मोहाना नदी से निकले गहरे पानी भरे नाले में शव उतराता देखा तो इसकी सूचना परिवार वालों को दी। रोते-बिलखते परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। वीरेंद्र की साइकिल शव मिलने के स्थान से कुछ दूरी पर पड़ी थी। पैंट और शर्ट भी कुछ दूरी पर अलग-अलग रखी थी। पास में एक झोला रखा था, जिसमें करीब 250 ग्राम मछली थीं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। शव की गर्दन पर सूजन थी। ग्रामीण और परिवार वाले हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने मछली का शिकार करते समय डूबकर मौत होने का शक जताया है। प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया परिवार वालों ने किसी रंजिश से इनकार किया है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।