सिकंद्राबाद। किराना व्यापारी से 12 लाख रुपये की रंगदारी और रंगदारी न देने पर पुत्र का अपहरण करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज दोनों आरोपियों का चालान भेज दिया।
थाना नीमगांव के कसबा बेहजम निवासी लक्ष्मीकांत की किराना की बड़ी दुकान है। 11 मई को अंजान नंबर से कॉलर ने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल की और 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और बेटे का अपहरण करने की धमकी दी थी। इससे परिवार के लोग दहशत में आ गए। व्यापारी ने घटना की लिखित तहरीर नीमगांव पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच चौकी इंचार्ज बेहजम को सौंप दी। इस बीच भी कॉलर लगातार व्यापारी को कॉल कर धमकाता रहा। चौकी इंचार्ज ने सर्विलांस सेल की मदद ली। बृहस्पतिवार की शाम वादी से मोबाइल पर कॉल कराई और उन्हें रुपये लेने के लिए बुलाया। पहले से ही कस्बे के बाहर घेराबंदी करने वाली पुलिस ने रुपये लेने आये गांव श्यामपुर झरबा निवासी अनिकेत वर्मा उर्फ मोनू और उसके साथी गांव अनवर नगर निवासी अभय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद किया है। निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान भेज दिया गया।