गुलरिया। भीरा कस्बे में रेलवे लाइन के पास बुधवार की रात एक ग्रामीण की हमलावरों ने गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की गई। घायल ग्रामीण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रदीप कुमार वाल्मीकि (60) भीरा कस्बे में 30 साल से रहकर होटलों, ढाबों पर काम करता था। उसकी पत्नी रेलवे में सफाईकर्मी थी, जिनका 10 साल पहले निधन हो गया था। तब से प्रदीप नशे का आदी हो गया। कस्बे के बाहर सलावतनगर भट्ठे के पास वह रहता था। गुरुवार की शाम साढ़े छह बजे लोगों ने प्रदीप को घायल अवस्था में रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। भीरा एसओ प्रदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को बिजुआ अस्पताल पहुंचाया। घायल प्रदीप के गले पर धारदार हथियार से रेतने के गहरे निशान थे। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। भीरा एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास का मुकदमा अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज किया गया है।