लखीमपुर खीरी। थाना खीरी की पुलिस चौकी ओयल के गांव पहाड़खां पुरवा में भाई की मौत के प्रतिशोध में युवक ने गुरुवार की सुबह अपनी चाची की मदद से हत्या आरोपियों की बहन को अपने घर बुलाया। अपनी पत्नी और चाची के साथ मिलकर उसके मुंह मे कपड़ा ठूंस दिया और केरोसिन डालकर आग लगा दी, जिससे युवती झुलस गई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव पहाड़खां पुरवा निवासी कौशल ने बताया कि उसके भाई अजय मौर्या का पड़ोस के ही राजेश से मोबाइल पर बात कराने को लेकर झगड़ा हो गया था। मारपीट में राजेश घायल हो गया था। तीसरे दिन राजेश की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अजय और उसके भाई कौशल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। इसी को लेकर दूसरा पक्ष बदला लेना चाहता था। मृतक की चाची की आरोपी के परिवार की महिलाओं से बोलचाल थी।
कौशल ने बताया कि गुरुवार की सुबह बहन पूनम (21) घर के बाहर स्थित मंदिर पर पूजा करने गई थी। जहां मृतक राजेश की चाची पूनम से मिली और उसे घर बुलाया। आरोप है कि पूनम जब उसके घर गई तो मृतक के भाई ने अपनी चाची और पत्नी सुशीला की मदद से पूनम को पकड़ लिया। मुंह में कपड़ा ठूंसकर केरोसिन छिड़क दिया और आग लगा दी। दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच वह किसी तरह से जलती हुई घर के बाहर निकल आई। शोर होने पर कई लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। परिवार वालों ने झुलसी युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों का कहना है कि युवती करीब 40 फीसदी जली है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं। युवती के कलमबंद बयान लिए गए हैं। युवती की चाची रामरती की तहरीर पर कृष्ण कुमार, उसकी चाची पूनम और पत्नी सुशीला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।