सदर कोतवाली पुलिस टीम की गिरफ्त में इनामी बदमाश। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी-महेवागंज। बरेली एसटीएफ ने सदर कोतवाली पुलिस की मदद से कन्नौज पुलिस के 25 हजार के इनामी बदमाश और उसके साथी को दबोच लिया। बदमाशों ने थाना निघासन, धौरहरा, ईसानगर सहित कई स्थानों पर पशु लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसटीएफ बरेली की टीम को सर्विलांस से जिला एटा के अलीगंज निवासी व मोस्ट वांटेड पशु तस्कर छिदुआ की लोकेशन सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मिली थी। एसटीएफ टीम, प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश सिंह के नेतृृत्व में लखीमपुर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से मुखबिरों का जाल फैलाया। मुखबिर ने बुधवार की शाम सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि कन्नौज से भागा 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश एटा के अलीगंज निवासी छिदुवा बंजारा उर्फ चांद अपने साथी शाहिद उर्फ कातिया उर्फ बाबा निवासी चमन नगरिया, अलीगंज (एटा) के साथ बाइक से महेवागंज आएगा। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्र, एसएसआई एसपी पांडेय, महेवागंज चौकी इंचार्ज पारसनाथ यादव और एसटीएफ के निरीक्षक अजय पाल सिंह दुबग्गा ने मार्ग स्थित रुद्रपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर ली। जैसे ही दोनों शातिर वहां पहुंचे इन लोगों को दबोच लिया गया। प्रभारी निरीक्षक सदर ने बताया कि इन लोगों की तलाशी लेने पर दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि छिदुआ के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में पशु चोरी और 307 समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आरोपियों ने निघासन से भेड़ चोरी, ईसानगर, धौरहरा और फरधान आदि थाना क्षेत्रों से मवेशी चोरी की वारदात कबूल की है। उधर शातिर बदमाशों के पकड़े जाने की सूचना पर सीतापुर जिले के थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस सदर कोतवाली पहुंची। पुलिस ने दोनों बदमाशों से पूछताछ की। सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों बदमाशों का चालान कर दिया है।