मोहम्मदी। अफसरों की अगुवाई में सोमवार को पुलिस फोर्स ने क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों में छापा मारकर महिला सहित दो लोगों को 20 लीटर अवैध शराब व उपकरण सहित गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब के धंधे में लगे लोगों में खलबली मच गई।
सोमवार दोपहर करीब एक बजे एसडीएम स्वाति शुक्ला, सीओ प्रदीप कुमार यादव, आबकारी निरीक्षक पंकज, विवेक यादव, कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी, एसआई अमरनाथ राय यादव, चौकी इंचार्ज जगपाल सिंह ने शंकरपुर छावनी, टेगुन खुर्रमनगर, बौधनियां, पालचक समेत आधा दर्जन गांवों में पहुंचे। टेगुन खुर्रमनगर गांव में अधिकारियों ने सोनू के घर से तलाशी के दौरान 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 1000 लीटर लहन को नष्ट किया गया। इस दौरान मौका पाकर कई शराब माफिया भाग निकले। इसके बाद अधिकारी उन गांव में पहुंचे जहां लोग अवैध शराब बनाने में जेल जा चुके हैं। एसडीएम स्वाति शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र में भारी पुलिस फोर्स के साथ अभियान चलाया गया था छापामारी के दौरान एक भट्टी 20 लीटर अवैध कच्ची शराब, शराब बनाने का उपकरण बरामद कर एक हजार लीटर लहन को नष्ट कर दिया।