लखीमपुर खीरी। प्लॉट की बाउंड्रीवॉल करा रहे एक व्यापारी के कर्मचारी पर कुछ लोगों ने पिस्टल लगा दी और उसे निर्माण कार्य न रोकने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित व्यापारी ने आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला संतोषनगर कॉलोनी निवासी व्यापारी रमेश अग्रवाल ने बताया कि उनका एक प्लाट संकटा देवी पुलिस चौकी के निकट स्थित एक सिनेमा घर के सामने है। इस प्लाट को उन्होंने वर्ष 2013 में लखनऊ निवासी शशी मोहन वाजपेई से खरीदा था। बृहस्पतिवार को उनका कर्मचारी फकीर चंद अग्रवाल उर्फ मिट्ठू प्लॉट की बाउंड्रीवॉल का निर्माण करवा रहा था। इसी बीच पड़ोस के कुछ लोग अपने छह से अधिक साथियों के साथ आ धमके और मजदूरों के साथ गालीगलौज करने लगे। कर्मचारी फकीर चंद्र ने जब विरोध किया तो उसके सीने पर पिस्तौल रख दी। साथ ही निर्माण कार्य बंद न करने पर गोली मार देने की धमकी दी। कर्मचारी के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे कई लोग मौके पर पहुंच गए। जिस पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। व्यापारी ने हमलावरों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच संकटा देवी पुलिस चौकी इंचार्ज से कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।