लखीमपुर खीरी। शहर में सक्रिय कुछ युवक किशोरियों को पहले अपने जाल में फंसाते हैं। उन्हें व्हाट्सएप पर अश्लील चित्र व वीडियो भेजने के बाद उनका शारीरिक शोषण करते हैं। शहर में ऐेसा ही एक मामला रविवार को सामने आया। किशोरी से युवक ने पहले दोस्ती की। उसे व्हाट्सएप पर अश्लील चित्र भेजे, फिर शराब पिलाकर दुष्कर्म किया। घटना से आहत किशोरी आत्महत्या के लिए रेल पटरी के किनारे जा रही थी। पिता की सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने उसे बचा लिया। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि शहर के एक युवक ने उसकी 15 साल की बेटी से दोस्ती कर ली। उसका व्हाट्सएप नंबर ले लिया। बेटी को वह अश्लील चित्र और वीडियो भेजता था। बाद में उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी बेटी को शराब पिलाकर दुष्कर्म करने लगा। घटना किसी को बताने पर जान से मार देने की धमकी देता। आरोप है कि कई दिनों से वह पुत्री का शारीरिक शोषण कर रहा था। युवक के शोषण से परेशान किशोरी आत्महत्या करने के इरादे से रेल पटरी पर पहुंच गई। जानकारी होने पर उन्होंने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस किशोरी को लेकर सदर कोतवाली पहुंची। किशोरी ने पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने घर पर छापा मारकर आरोपी को दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसे हिरासत में लिया गया है। सोमवार को आरोपी का चालान किया जाएगा।