महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने बुधवार रात एक पिकअप का पीछा कर महेवागंज बालूडीह चौराहे के पास रोक लिया और पिकअप समेत उसमें सवार छह लोगों कोतवाली लाए, जहां सभी को रात भर हिरासत में रखा। बाद में बृहस्पतिवार दोपहर सभी को छोड़ दिया।
फूलबेहड़ के एक गांव से करीब छह लोग बुधवार देर शाम करोबार के सिलसिले में बरेली, मेरठ के लिए घर से निकले। सूत्रों के मुताबिक टेडुही शारदानगर-फूलबेहड़ मार्ग के पास सफेद रंग की एक बोलेरो ने साइड देने के लिए हॉर्न बजाया। काफी देर तक साइड न मिलती देख पीछे से आ रहे बोलेरो चालक ने ओवरटेक कर पिकअप को महेवागंज के बालूडीह चौराहे के पास रोक लिया। बोलेरो सवार लोगों ने अपने को क्राइम ब्रांच का बताते हुए पिकअप में सवार लोगों को हिरासत में ले लिया। बोलेरो सवार लोगों ने होली के त्योहार पर कारोबार के सिलसिले में माल खरीदने जाने की बात कह अपने को निर्दोष बताते हुए छोड़ देने की अपील की, लेकिन टीम नहीं मानी और सभी को पिकअप सहित कोतवाली ले गई। घर वाले जब कोतवाली पहुंचे तो उनसे पूछताछ के बाद छोड़ने की बात कही। कारोबारियों के पास लाखों रुपये थे। रात भर कस्टडी में रखने के बाद सभी को बृहस्पतिवार को पुलिस ने छोड़ दिया। चौकी प्रभारी पारसनाथ यादव ने बताया कि रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने पिकअप सवार कुछ लोगों को रोका था। यहां का कोई मामला नहीं था। सभी को सीधे कोतवाली ले गए थे। क्राइम ब्रांच की टीम ने इस संबंध में कुछ कहने से साफ इनकार कर दिया।