गोला गोकर्णनाथ। एसपी के आदेश पर होली के दृष्टिगत कोतवाली पुलिस ने भटपुरवा कॉलोनी में छापा मारकर 260 लीटर अवैध शराब बरामद कर 3000 लीटर लहन नष्ट कर दिया।
कोतवाल डीपी तिवारी, कसबा चौकी इंचार्ज लल्ला गोस्वामी, चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह, उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह, अलीगंज चौकी इंचार्ज योगेश शंखधार ने अलग-अलग टीमें बनाकर भटपुरवा, कुसमी कॉलोनी में दबिश दी। दबिश के दौरान शराब बनाते, भंडारण, बिक्री करते हुए रोहित कुमार, विशाल सिंह, सूरत सिंह, गौतम सिंह, शंकर सिंह, राजकपूर सिंह निवासी भटपुरवा कॉलोनी को गिरफ्तार कर मौके से 260 लीटर अवैध शराब बरामद की। मौके से 3000 लीटर लहन नष्ट किया गया।
पलिया में अवैध शराब की तलाश में पुलिस ने मारे छापे
पलियाकलां। सीओ राकेश कुमार नायक, इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला के नेतृत्व में चंबरबोझ व बड़ा पतवारा गांव में छापे मारे गए। शराब कारोबारी तो पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े लेकिन पुलिस ने पतवारा गांव में घरों के अंदर मिट्टी की हौदी बनाकर तैयार की गई लहन बरामद की। लगभग पांच सौ लीटर लहन को नष्ट किया।
अवैध शराब बेचने वालों की खैर नहीं
अमीरनगर। पुलिस चौकी में पीस कमेटी की बैठक में सीओ मोहम्मदी प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में क्षेत्र के लोगों ने हरीनगर, मुकद्दरनगर, सिसोकन, सरैया विलियम गांव में कच्ची शराब पर अंकुश लगाने की मांग की। चौकी प्रभारी संतोष कुमार यादव ने आभार व्यक्त किया।इस मौके पर ठाकुर सुखपाल सिंह, अरविंद सिंह, विजय कुमार मिश्रा, पूर्व प्रधान अब्दुल अजीज खां, पूर्व प्रधान मोहम्मद शाहिद खां मौजूद रहे। संवाद