लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव रवहीं के निकट शनिवार की सुबह 35 वर्षीय युवक का पेड़ से लटकता शव देखे जाने से सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
शनिवार को गांव रवहीं के ग्रामीण खेतों की ओर गए थे। इसी बीच उनकी नजर गांव के उत्तर खेतों के निकट लगे एक यूकेलिप्टस के पेड़ से लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। उसके गले में पतली प्लास्टिक की रस्सी कसी थी। शव लटके होने की सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सदर कोतवाली के एसएसआई शिव प्रसाद पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नीचे उतरवाकर शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। एसएसआई एसपी पांडेय ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।