लखीमपुर खीरी। थाना खीरी क्षेत्र में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते खुद को तमंचे से सीने पर गोली मार ली, जिससे वह घायल हो गया। आनन-फानन में परिवार वाले उसे लेकर जिला अस्पताल आए, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।
थाना खीरी के गांव चिमनी निवासी अशोक कुमार के बेटे मनोज (35) ने बृहस्पतिवार की देर रात घर के अंदर तमंचे से खुद के सीने पर गोली मार ली, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। गोली चलने की आवाज से घर व गांव में दहशत फैल गई। परिवार वाले जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि मनोज खून से लथपथ जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। यह देख परिवार में चीख पुकार मच गई। आसपास के तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिवार वाले आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल आए, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घायल युवक के परिवार वाले इस संबंध में कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मनोज ने गोली मारकर खुदकुशी करने की कोशिश की है। उसका ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।