लखीमपुर खीरी। बाजार सामान लेने जा रहीं ननद और उसकी भाभी को बाइक सवारों ने गोली मार दी, जिससे दोनों घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने ननद को लखनऊ रेफर कर दिया है। घायल ननद के पति का कहना है कि गोली रंजिशन मारी गई है। उन्होंने तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी है।
थाना व कस्बा खीरी के मोहल्ला अवधी टोला निवासी अकील अहमद खां ने बताया कि उसकी पत्नी हुमा बेगम (25) का मायका लखीमपुर शहर के मोहल्ला महाराजनगर में है। बुधवार को हुमा अपने मायके आई थी। रात करीब 9.30 बजे वह अपनी भाभी सीमा बेग के साथ घर का कुछ सामान लेने बाजार जा रही थी। डॉन बॉस्को नहर पटरी पर पटेलनगर पुलिया के पास पुरानी रंजिश के चलते दो बाइकों पर सवार होकर चार लोग आ गए। अलग-अलग बाइकों पर सवार दो युवकों में से एक ने सीमा बेग और दूसरे युवक ने हुमा बेगम को गोली मार दी। गोली हुमा बेगम के सीने और सीमा बेग के कंधे पर जा धंसी, जिससे दोनों लहूलुहान होकर गिर गईं। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। किसी राहगीर ने यूपी 112 पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर हुमा बेगम को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पति अकील अहमद ने तीन लोगों को नामजद कर एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अपराध पान सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध है। जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।