रायफल दिखाकर जमा रहा था लोगों पर धाक पहुंचा हवालात
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ियापुर गांव में सोमवार की रात एक युवक शराब के नशे में अवैध राइफल से लोगों को धमका रहा था। जिसे ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों ने दबोच लिया और यूपी 112 पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान भेजा है।
सोमवार की शाम पहड़ियापुर गांव निवासी सुशील कुमार पुत्र सोहनलाल शराब के नशे में एक देसी राइफल लेकर गांव के लोगों को धमका रहा था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान प्यारेलाल को दी। सूचना मिलने पर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे प्रधान प्यारेलाल ने युवक को राइफल सहित दबोच लिया और यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़ कर कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक हरीओम श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का चालान भेज दिया गया है।