लखीमपुर खीरी। कम दहेज मिलने से नाराज पति ने पहले मारपीट कर पत्नी व चार साल के बच्चे को घर से भगा दिया। अब उसने चोरी-छिपे दूसरी शादी कर ली। पीड़ित महिला की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के मोहल्ला राजगढ़ निवासी चांदनी कश्यप ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी शादी 19 अप्रैल 14 को सीतापुर जिले के थाना हरगांव के गांव गुरधया निवासी सुधीर कश्यप के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति कम दहेज मिलने का ताना देकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। अगस्त 2019 में पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से वह अपने चार साल के बेटे के साथ मायके आकर रहती है। हफ्ते भर पहले उसके पति ने उसे बिना तलाक दिए चोरी-छिपे दूसरी शादी कर ली। इस बात की जानकारी जब उसे हुई तो उसने विरोध किया। इस पर पति ने गाली-गलौज की और जान से मार देने की धमकी दी है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।