अमिरतापुर गांव की बाजार में दवा लेने गया था सुरेश
बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। मनहरिया गांव का एक ग्रामीण पथरी का दर्द होने पर दवा लेने अमिरतापुर गांव की बाजार में झोलाछाप डॉक्टर के पास गया था, झोलाछाप के इंजेक्शन लगाते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में भाई ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस बाजार पहुंची तो झोलाछाप मौके से फरार हो चुका था, पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
भीरा थाना क्षेत्र के मनहरिया गांव निवासी सुरेश (43) पुत्र बाबूराम को कई दिनों से पथरी की दर्द हो रही थी। वह गुरुवार को अमिरतापुर गांव में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में झोलाछाप के पास दवा लेने गया था, आरोप है कि झोलाछाप ने जैसे ही सुरेश को इंजेक्शन लगाया, कुछ ही देर बाद वह गिर गया और दर्द से छटपटाने लगा। साथ में मौजूद उनकी पत्नी रुक्मणी देवी मदद को चिल्लाने लगीं, तब तक झोलाछाप मौके से भाग गया। लोग जब तक मदद को कुछ कर पाते सुरेश की मौत हो गई। सुरेश के जमीन पर गिरते ही लोगों ने उनके भाई भोला सिंह को खबर दी, भोला सिंह ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे भीरा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई भोला सिंह ने आरोपी झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।