गोला-सिकंद्राबाद मार्ग पर रायपुर मोड़ पर हुई वारदात
सिंकद्राबाद। गोला-सिकंद्राबाद मार्ग पर रायपुर मोड़ के पास सोमवार की शाम बाइक सावर तीन बदमाशों ने बाइक सवार दो लोगों को तमंचे के बल पर रोक लिया और लूटपाट करने लगे। इसी बीच अन्य राहगीरों के आने पर लुटेरे जल्दबाजी में अपनी बाइक छोड़ गए और लूटी बाइक लेकर भाग निकले। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर मौके से लुटेरों की बाइक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना सिकंद्राबाद पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। गोला कोतवाली के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी अरविंद शर्मा नीमगांव से अपने घर बाइक से जा रहे थे। उनके साथ गांव रायपुर निवासी ऋषिओम दीक्षित भी सवार थे। रायपुर मोड़ पर शाम सात बजे घात लगाए खड़े तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर उनकी बाइक रोककर लूट ली। इसी बीच कुछ राहगीर आ गए। इस पर लुटेरे जल्दबाजी में लूटी गई बाइक लेकर भाग निकले, जबकि उनकी बाइक मौके पर ही छूट गई। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस ने लुटेरों की बाइक कब्जे में ली है।
छोड़ी गई बाइक पुलिस के कब्जे में है। नंबर आदि से बाइक स्वामी की जांच की जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-राजकुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना नीमगांव