पलियाकलां। इलाके के बुद्धापुरवा गांव निवासी एक ग्रामीण ने कुछ लोगों पर तमंचा दिखाकर बीच रास्ते में बैलगाड़ी रुकवाकर बैलों को पिकअप में लादकर लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बुद्धापुरवा गांव निवासी डालचंद ने बताया कि वह सुबह करीब चार बजे पलिया चीनी मिल से गन्ना बेचकर अपने घर वापस आ रहा था। आरोप है कि इस दौरान तीन लोगों ने उसे रोक लिया और तमंचा दिखाकर मारपीट शुरू कर दी। उसको रस्सियों से बांध दिया और बैलों को पिकअप में लादकर ले गए। साथ ही उसका मोबाइल भी फेंक दिया। किसी तरह उसने अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। डालचंद ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला ने बताया कि सूचना मिली है एसएसआई को भेजकर मुआयना कराया जा रहा है। जल्द ही चोरों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।