गोला गोकर्णनाथ। बजाज चीनी मिल के गन्ना मिल यार्ड में एक ट्रक और गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली टकरा गए, जिससे दोनों वाहनों के चालकों के बीच विवाद हो गया, जिसमें ट्रक चालक गंभीर घायल हो गया, उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया वहीं ट्रैक्टर ट्रॉली चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार की रात बजाज चीनी मिल यार्ड में गन्ना लेकर जा रहा एक ट्रक गन्ना भरी ट्रॉली से टकरा गया। जिससे दोनों वाहनों के चालकों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और मारपीट शुरू हो गई। थाना मोहम्मदी के सुभाष नगर निवासी ट्रैक्टर चालक परमजीत सिंह उर्फ पम्मा और थाना मितौली के नगरा भीखमपुर निवासी ट्रक चालक रामसजीवन से कहासुनी के बीच हुई मारपीट में कुछ लोग ट्रॉली वाले का पक्ष में आ गए और ट्रक में तोड़ फोड़ की। ट्रक चालक का आरोप है कि जब उसने तोड़फोड़ के मुआवजे के लिए कहा तो विपक्षी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने उसके सिर में पत्थर मार दिया। जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे मिल सिक्योरिटी गार्ड ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को मिल परिसर में खड़ा करा दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। ट्रक चालक को सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रामसजीवन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।