लखीमपुर खीरी। एलआरपी पुलिस चौकी के शहर से सटे गांव छाउछ में सोमवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर सिपाही समेत तीन घरों से नकदी-जेवर समेत करीब छह लाख का सामान बटोर ले गए। खासबात यह है कि परिवार के लोग घरों में सोते रहे, उन्हें चोरों की आहट तक नहीं हुई। पीड़ितों ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
गांव छाउछ के मोहल्ला गौतम बुद्ध नगर निवासी दिनेश कुमार गौतम सुल्तानपुर में सिपाही पद पर तैनात हैं। उनके भाई मनोज कुमार ने बताया की पिता रामप्रकाश घर के बाहर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। छत के सहारे घर में घुसे चोरों ने सिपाही दिनेश कुमार के कमरे का ताला तोड़ दिया। उसमें रखी सेफ आदि का ताला तोड़कर सामान खंगाल लिया। चोर 50 हजार की नकदी, कपड़ा समेत करीब पांच लाख के जेवर बटोर ले गए। दूसरी घटना पड़ोस के अजय कुमार के घर हुई। छत के सहारे घर में घुसे चोर कमरे से बक्सा छत पर उठा लाए। उसमें रखी तीन हजार रुपये की नकदी और जेवर चोरी कर ले गए। तीसरी घटना पड़ोस के ही देवेंद्र कुमार के घर हुई। यहां भी छत के सहारे घर में घुसे चोर 25 हजार रुपये की नकदी समेत करीब एक लाख के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। तीनों घटनाओं की जानकारी सुबह हुई। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तीनों घटनाओं की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
महीने भर मे सात घरों को खंगाल चुके चोर, दहशत
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव छाउछ में हो रहीं चोरियों के मामले में एलआरपी चौकी पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। महीने भर में सिर्फ मोहल्ला गौतम बुद्धनगर में ही अशर्फीलाल, हरिश्चंद्र, सुरेंद्र पाल, रामनरेश और छत्रपाल समेत सात घरों में घुसकर चोर तीन मोबाइल, नकदी-जेवर समेत करीब तीन लाख रुपये का माल ले जा चुके हैं। सभी घटनाओं की तहरीर चौकी पुलिस को भी दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर मौका मुआयना करना भी उचित नहीं समझा। न ही मोहल्ले में गश्त बढ़ाई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस पूर्व में हुई घटनाओं को गंभीरता से लेती तो चोरी हुए मोबाइलों को सर्विलांस पर लगवाती तो चोर पकड़े जाते। जिससे यह चोरी की घटना न होती। मोहल्ले के ओमप्रकाश, उमाशंकर, दीपक कुमार, राजकुमार आदि ने बताया कि पूरे मोहल्ला चोरों के आतंक से परेशान है, लेकिन एलआरपी चौकी पुलिस रात में एक दिन भी मोहल्ले में नहीं आई है। जिससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति काफी रोष है। चौकी पुलिस के लिए एसपी से लेकर शहर कोतवाल के भी आदेश कोई मायने नहीं रखते हैं। सदर कोतवाल के कई बार हिदायत देने के बाद भी पुलिस ने गश्त नहीं बढ़ाई।
घटना की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। पूर्व में हुई चोरियों की जानकारी चौकी पुलिस ने नहीं दी है। चौकी इंचार्ज को गश्त बढ़ाने के आदेश पहले से ही दिए जा चुके हैं। रिपोर्ट दर्ज कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
- अजय प्रकाश, मिश्र प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर