लखीमपुर खीरी। थाना फरधान क्षेत्र के एक गांव में लूटपाट के इरादे से घुसे दो बदमाशों और गृहस्वामी के बीच हाथापाई हो गई। गृहस्वामी के सिर पर तमंचे की बट मारकर जब बदमाश भागने लगे तभी शोर मचाने पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और उन्हें पीट-पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना फरधान क्षेत्र के गांव गूंगेपुर निवासी रंजीत (25) ने बताया कि वह रविवार की रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी रात करीब 12 बजे उनके घर में दो बदमाश घुस आए। एक बदमाश का पैर घर में रखे दूध के भगौने में लगा और आवाज होने से उनकी आंख खुल गई। टॉर्च की रोशनी डालकर देखा तो एक बदमाश घर के एक छप्पर के नीचे बंधी भैंस को खोल रहा था और दूसरा घर में रखा सामान खंगाल रहा था। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही बदमाश भागने लगे तो हिम्मत जुटाते हुए रंजीत ने शोर मचाते हुए उन्हें दौड़कर पकड़ लिया। तभी बदमाश ने उनके सिर पर तमंचे की बट मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गए। दोनों बदमाश मौका पाकर गन्ने के एक खेत में घुस गए। मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में कांबिंग कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और दोनों को पीट-पीटकर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर 112 पुलिस और थाना फरधान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों बदमाशों और घायल रंजीत को थाने ले आई, फिर तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। डॉक्टर ने रंजीत को मरहम पट्टी करके भेज दिया लेकिन दोनों बदमाशों की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती कर लिया गया है। पकड़े गए बदमाशों में से एक का नाम बबलू निवासी इज्जतनगर बरेली और दूसरे का नाम अच्छे निवासी जहानाबाद पीलीभीत है।
दहशत में है पीड़ित परिवार
बदमाशों के पकड़े जाने के बाद गांव गूंगेपुर निवासी रंजीत और उनका परिवार दहशत में है। ग्रामीणों में भी बदमाशों का खौफ है। ग्रामीणों और परिवार वालों को आशंका है कि घायल बदमाशों के अन्य साथी गांव में दोबारा धावा बोल सकते हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने टोलियां बनाकर गांव की निगरानी करने की योजना बनाई है।
बदमाश बोले, हम दो ही लोग थे
जिला अस्पताल में भर्ती बदमाश बब्लू और अच्छे ने बताया कि वह दो ही लोग थे। उनका इरादा भैंस चोरी करने का था, लेकिन बदमाशों की यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इनकी संख्या छह से अधिक थी और यह किसी चार पहिया वाहन से आए थे।
सब्बल और टॉर्च बरामद
मकान मालिक रंजीत से हुई झड़प के बाद बदमाश भागते समय अपनी टॉर्च और साथ लाए सब्बल को मौके पर ही छोड़ गए। सब्बल को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे।
दो बदमाश थे, जो भैंस चोरी करने की नीयत से घर में घुसे थे। गृहस्वामी के सिर पर डंडा मार दिया था, जिससे वह भी घायल हुआ है। ग्रामीणों ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और पिटाई कर दी जिससे दोनों बदमाश भी घायल हैं। जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसलिए अभी बदमाशों से कोई पूछताछ नहीं की जा सकी है।
-विमल कुमार गौतम, प्रभारी निरीक्षक, थाना फरधान