लखीमपुर खीरी। सर्दी का मौसम आते ही जिले में अपराध का ग्राफ भी बढ़ने लगा है। रविवार रात थाना फरधान के सामने पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर चोरों ने ज्वैलर्स की दुकान का शटर उखाड़ दिया और दीवार में जड़ी करीब ढाई क्विंटल वजन की तिजोरी खोदकर चुरा ले गए। तिजोरी में 12 किलो चांदी, 18 ग्राम सोना और आठ हजार की नकदी थी। वहीं चोरों ने एक पान का खोखा तोड़कर हजारों का सामान भी पार कर दिया। इस घटना के बाद हाईवे पुलिस की गश्त की पोल खुल गई है। चोरों ने मैगलगंज में नई बस्ती के खखरा निवासी कोटेदार के घर से करीब तीन लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। मोहम्मदी के गांव मूड़ाखालसा के दो घरों से भी नकदी-जेवर उठा ले गए और कुकरा में एक दुकान से हजारों का माल भी चोरी कर लिया। एएसपी ने फरधान पहुंचकर घटना की जांच की। फरधान की घटना को छोड़कर किसी भी इलाके में हुई वारदात की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
वारदात: एक
सराफ की दुकान से चांदी-सोने से भरी तिजोरी उठा ले गए चोर
थाने से दो सौ मीटर पर हुई वारदात से खुली पुलिस की पोल
फरधान। लखीमपुर शहर के मोहल्ला शिवपुरी निवासी राजू रस्तोगी की थाना निकट पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर स्थित मुख्य बाजार में वेदप्रकाश तिवारी की दुकानों में सराफ की दुकान है। रविवार की शाम करीब छह बजे हमेशा की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोरों ने शटर उखाड़ दिया और अंदर घुस गए। चोरों ने दीवार खोदकर उसमें लगी करीब ढाई क्विंटल की तिजोरी निकाल ली और उसे किसी वाहन में लादकर वहां से भाग निकले। तिजोरी में 12 किलोग्राम चांदी, 18 ग्राम सोना और आठ हजार रुपये की नकदी, डायरी और बही खातों का ब्योरा था।
सोमवार की सुबह दुकान मालिक वेद प्रकाश तिवारी ने करीब आठ बजे दुकान में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों के साथ रेलवे लाइन की तरफ झाड़ियों व आसपास के गन्ने के खेतों में कांबिंग की लेकिन न तो तिजोरी मिली और न ही कोई ऐेसे सबूत मिले जिससे चोरों के बारे में कोई सुराग सामने आता। एएसपी शैलेंद्र लाल क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकान स्वामी और व्यापारियों से पूछताछ भी की। पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को पकड़ा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने सराफ की दुकान में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, सीएचसी के पास फरधान निवासी बृजेश वर्मा के खोखे का ताला तोड़कर चोर दो सौ रुपये नकद और हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
वारदात: दो
सेंध लगाकर घर में घुसे चोर नकदी और तीन लाख के जेवर ले गए
मैगलगंज। कस्बा मैगलगंज में मढिया रोड नई बस्ती खखरा निवासी कोटेदार संजय गुप्ता के घर से रविवार की रात्रि चोरों ने 50 हजार रुपये की नकदी और करीब तीन लाख के जेवर चोरी कर लिए। सोमवार सुबह जब परिवार के लोग उठे तो देखा कि कमरे की दीवार कटी हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। बक्सों के ताले टूटे थे। संजय गुप्ता के छोटे भाई अनुज गुप्ता ने मैगलगंज थाने में चोरी की तहरीर दे दी है।
वारदात: तीन
अमीरनगर के दो घरों में नकब लगाकर चोरी
अमीरनगर। गांव अमीरनगर के ग्राम मूड़ा खलसा के पश्चिम में नत्थू लाल विश्वकर्मा की दीवार में सेंध लगाकर चोर घर से बक्सा उठा ले गए। बक्से में नौ सौ रुपये की नकदी और लाखों की ज्वैलरी थी। घर वाले सुबह जागे तो घर में बिखरा पड़ा सामान देखकर सन्न रह गए। इसी क्रम में पूर्व प्रधान राम सिंह के घर में भी सेंध लगाकर चोर कपड़े-जेवर उठा ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची परंतु पुलिस ने दोनों ही घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
नकब लगाकर किराने की दुकान में चोरी
कुकरा। मैलानी थाना क्षेत्र की कुकरा पुलिस चौकी पहाड़पुर में सरदार उजागर सिंह की किराने की दुकान में चोरों ने पीछे से नकाब लगाकर हजारों का सामान उड़ा लिया। दुकान स्वामी ने बताया कि चोर किराने का 10 हजार का सामान ले गए हैं। चोरी की सूचना कुकरा पुलिस चौकी को दे दी है।
घटनाओं के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस और स्वॉट टीम को लगाया गया है। साथ ही सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर सभी घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
-शैलेंद्र लाल, एएसपी