राजेश वर्मा हत्याकांड: एसपी ने पीड़ित परिवार से की पूछताछ
फरधान। मन्योरा गांव में राजेश हत्याकांड में शुक्रवार को एसपी पूनम पीड़ित परिवार से थाने में मिलीं। उन्होंने घटना के बाबत परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त करते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इधर क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम ने गांव पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
बुधवार को मन्योरा निवासी प्रहलाद वर्मा के 25 वर्षीय पुत्र राजेश उर्फ राजू की ईंटों से कूचकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अरविंद वर्मा ने रंजिश में हत्या करने का पड़ोसी विजय वर्मा पर आरोप लगाते हुए आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरुवार को गांव में शव आने के बाद मामले से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी कुछ ऐसे अनसुलझे पेच हैं, जिससे पूरे मामले पर संशय बरकरार है। यहां तक कुछ पुलिस वाले भी दबी जुबान स्वीकारते हैं कि हत्या के पीछे रंजिश के अलावा और भी वजहें हो सकतीं है। इन सब चर्चाओं के बीच इतना तो तय है कि अगर मामले की बारीकी से जांच हो तो स्थित स्पष्ट हो सकती है। बहरहाल एसपी पूनम शुक्रवार को थाना पहुंची। परिजनों से थाना बुलाकर पूछताछ की। उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया है। क्राइम ब्रांच भी मामले पर नजरें गड़ाए हुए है।
मामले में रंजिश के अलावा अभी कोई नई चीज सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
- विमल कुमार गौतम, प्रभारी निरीक्षक थाना फरधान